रायपुर। विश्व सायकल दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव जगदलपुर में आयोजित ‘सन्डे ऑन सायकल’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने युवाओं के साथ सायकिलिंग की और जुम्बा गतिविधियों में भी भाग लिया। कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय और कलेक्टर आकाश छिकारा भी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने स्वयं सायकल चलाकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नियमित सायकल चलाने से शरीर स्वस्थ और ऊर्जावान बना रहता है। यह फिटनेस बनाए रखने का सरल और प्रभावी माध्यम है। अरुण साव ने कहा कि सायकल न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। अधिक से अधिक सायकल का उपयोग कर स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त वातावरण बनाने में सभी नागरिक योगदान दे सकते हैं। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में सायकल के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।
