रायपुर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक विशेष साइकिल राइड का आयोजन किया गया। द बाइसिकल कैफे और स्पोर्ट्स एंथूज़ियास्ट एसोसिएशन (SEA) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साइक्लिंग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राइड का मुख्य उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक करना और साइक्लिंग को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना था। सुबह से ही प्रतिभागियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने इस पहल का समर्थन करते हुए फिटनेस और हरित पर्यावरण का संदेश दिया।

द बाइसिकल कैफे के संचालक राघवेंद्र और SEA के सचिव नीलेश कटारिया ने कहा कि, साइक्लिंग न केवल शरीर को स्वस्थ रखती है, बल्कि हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और मानसिक तनाव कम करने में भी मददगार है। उन्होंने इसे प्रदूषण मुक्त और पर्यावरण अनुकूल परिवहन का प्रभावी विकल्प बताया। SEA के अध्यक्ष समीर सिंह ने नागरिकों से नियमित रूप से साइक्लिंग अपनाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन SEA की प्रवक्ता लिपि जैन ने किया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों का आभार जताया। आयोजकों के अनुसार, भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों में फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके। वर्ल्ड बायसाइकल डे (World Bicycle Day) पर आयोजित यह राइड शहरवासियों के लिए प्रेरणादायक पहल साबित हुई।
