रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक बदलावों की चर्चाओं के बीच पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ला की राहुल गांधी से हुई मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में नई अटकलों को जन्म दे दिया है। दिल्ली में देर शाम हुई इस मुलाकात को प्रदेश कांग्रेस की मौजूदा परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है, खासकर तब जब संगठन में संभावित फेरबदल और कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हैं। मुलाकात के बाद अमितेश शुक्ल ने कहा कि, गांधी परिवार और शुक्ल परिवार के बीच वर्षों पुराना पारिवारिक संबंध है।
लंबे समय से मुलाकात नहीं हो पाई थी, इसलिए वे राहुल गांधी से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि बातचीत किसी एक विशेष मुद्दे तक सीमित नहीं रही, बल्कि प्रदेश के राजनीतिक और संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई। शुक्ल ने कहा कि उनके पास जो भी संगठन संबंधी जानकारी और सुझाव थे, उन्हें उन्होंने साझा किया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि, यदि पार्टी हाईकमान उन्हें कोई नई जिम्मेदारी सौंपता है, तो वे उसे निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस मुलाकात के बाद कांग्रेस संगठन में संभावित बदलावों को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
