शेयर बाजार में इतिहास रचने की तैयारी में छत्तीसगढ़: जल्द आएगा सीएसपीटीसीएल का आइपीओ

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक और आर्थिक क्षेत्र से एक बड़ी खबर आ रही है। राज्य की प्रमुख बिजली कंपनी, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL), जल्द ही अपना आईपीओ (Initial Public Offering) बाजार में लाने की तैयारी कर रही है। यदि यह योजना सफल होती है, तो CSPTCL शेयर बाजार (Stock Market) में कदम रखने और ट्रेड करने वाली प्रदेश की पहली सरकारी कंपनी बनकर इतिहास रच देगी। वर्तमान में इस महत्वाकांक्षी कदम को लेकर शासन और प्रबंधन के उच्च स्तर पर गंभीर विमर्श और रणनीतिक चर्चाएं चल रही हैं।

पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक (MD) राजेश कुमार शुक्ला के अनुसार, केंद्र सरकार की बड़ी ऊर्जा कंपनियों के साथ-साथ देश के कई अन्य राज्यों की सरकारी बिजली कंपनियां भी आईपीओ के जरिए पूंजी जुटाकर अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत कर रही हैं। इसी राह पर चलते हुए छत्तीसगढ़ भी अब अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा आम निवेशकों के लिए खोलने जा रहा है। इस आईपीओ के आने से कंपनी आम जनता और बड़े निवेशकों से सीधे फंड जुटा सकेगी, जिससे उसकी वित्तीय स्थिति मजबूत होगी। साथ ही, शेयर बाजार में लिस्टिंग से कंपनी की साख और विजिबिलिटी पूरे देश में बढ़ेगी।

व्यावसायिक प्रदर्शन के आधार पर शेयरों की कीमत तय होगी, जिससे कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़ेगा। इसके अलावा, कंपनी के मुनाफे में बढ़ोतरी होने पर शेयरधारकों को लाभांश (Dividend) का सीधा फायदा भी मिलेगा। इससे पहले छत्तीसगढ़ की पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने भी वर्ष 2014-16 के दौरान बॉन्ड जारी कर बाजार से पूंजी जुटाई थी और वह एक्सचेंज में लिस्टेड भी है, लेकिन उसके शेयरों में आम तौर पर ट्रेडिंग नहीं होती। ऐसे में CSPTCL का यह कदम प्रदेश के लिए पूरी तरह से नया और ऐतिहासिक होने वाला है।