PACL घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 1,596 करोड़ रुपये की 14 संपत्तियां कुर्क

Follow Us

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने PACL लिमिटेड से जुड़े बहुचर्चित निवेश घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के रामनगर स्थित ज्ञान सागर एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की 14 अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। इन संपत्तियों की वर्तमान बाजार कीमत करीब 1,596 करोड़ रुपये बताई गई है। ईडी ने यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत की है। एजेंसी के अनुसार, यह कार्रवाई PACL लिमिटेड और उससे जुड़ी संस्थाओं द्वारा संचालित कथित अवैध कलेक्टिव इन्वेस्टमेंट स्कीम की जांच का हिस्सा है।

जांच की शुरुआत केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी और 420 के तहत दर्ज एफआईआर के आधार पर हुई थी। यह एफआईआर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद दर्ज की गई थी। मामले में CBI ने 33 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट और पूरक चार्जशीट दाखिल की थी। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों ने खेती की जमीन की खरीद-बिक्री और विकास के नाम पर देशभर के लाखों निवेशकों से 48,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई। आरोप है कि यह पूरी योजना निवेशकों को धोखा देकर संचालित की गई थी। ईडी ने वर्ष 2016 में इस मामले में ईसीआईआर (ECIR) दर्ज की थी और 2018 में पहली अभियोजन शिकायत दाखिल की। इसके बाद 2022, 2025 और 2026 में विभिन्न व्यक्तियों और कंपनियों के खिलाफ छह पूरक अभियोजन शिकायतें भी दायर की गईं। एजेंसी का कहना है कि कुर्क की गई संपत्तियां निवेशकों के धन से खरीदी गई थीं और इन्हें अपराध से अर्जित संपत्ति (Proceeds of Crime) के रूप में चिन्हित किया गया है। मामले की जांच अभी भी जारी है।