रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग युवक पर ब्लेड से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में युवक के दाएं हाथ में गंभीर चोट आई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। फिलहाल उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायल नाबालिग रोजाना जिस रास्ते से आना-जाना करता था, उसी इलाके में आरोपी रौनक यादव अपने साथियों के साथ अक्सर बैठता था। स्थानीय लोगों ने भी आरोपी की गतिविधियों को लेकर पहले कई बार नाराजगी जताई थी। बताया जा रहा है कि बीती रात नाबालिग अपने दोस्तों के साथ दुर्गा चौक के पास बैठा था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। युवक और उसके दोस्तों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ गया। इसी बीच आरोपी ने खुद को इलाके का बड़ा डॉन बताते हुए दबाव बनाने की कोशिश की। विरोध होने पर आरोपी ने पहले मारपीट की और फिर अपने पास रखे थर्माकोल कटर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में नाबालिग के हाथ में गहरा घाव हो गया और काफी खून बहने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। घटना की जानकारी मिलते ही गुढ़ियारी थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और अलसुबह उसे पकड़ लिया। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द न्यायालय में पेश किया जाएगा।
रायपुर में नाबालिग पर ब्लेड से हमला, आरोपी गिरफ्तार; गुढ़ियारी थाना पुलिस की कार्रवाई
