कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के इरागांव में एक महिला के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। महिला की मौत के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गांव में अंतिम संस्कार किए जाने का विरोध करने लगे, जिससे तनाव का माहौल पैदा हो गया। जानकारी के अनुसार, इरागांव निवासी गणेशिया नेताम का बीमारी के बाद निधन हो गया था। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी कुछ ग्रामीणों ने आपत्ति जताई और विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ने लगी, जिससे गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।घटना की सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों से चर्चा कर स्थिति को नियंत्रित किया और शांति बनाए रखने की अपील की। काफी देर तक चली समझाइश और बातचीत के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में मृतका के परिजन शव को अन्य स्थान पर ले जाकर अंतिम संस्कार करने के लिए सहमत हो गए। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
अंतिम संस्कार को लेकर गांव में विवाद, पुलिस की मौजूदगी में शांत हुआ मामला
