गरियाबंद। त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के तहत जनपद पंचायत छुरा की ग्राम पंचायत करकरा में सरपंच पद के लिए 1 जून 2026 को मतदान होना है। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बीएस उइके ने मतदान क्षेत्र की सीमा से लगे 2 किलोमीटर के दायरे में स्थित खड़मा विदेशी कम्पोजिट मदिरा दुकान को शुष्क दिवस घोषित करते हुए बंद रखने के निर्देश दिए हैं। निर्देशानुसार मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व संबंधित क्षेत्र में शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। प्रशासन ने शुष्क अवधि के दौरान मदिरा के अवैध निर्माण, परिवहन, भंडारण, तस्करी और क्रय-विक्रय पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपचुनाव के चलते कल बंद रहेगी शराब दुकान, कलेक्टर ने घोषित किया शुष्क दिवस
