वाशिंगटन। अमेरिका की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्रैंडन जॉनसन के बीच तीखी बयानबाजी ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। शिकागो के मेयर ब्रैंडन जॉनसन द्वारा ट्रंप को “क्रूर” और “नासमझ तानाशाह” कहे जाने के बाद राष्ट्रपति ने भी पलटवार करते हुए मेयर को “यूजलेस” करार दिया। विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब जॉनसन ने हाल ही में ट्रंप की नीतियों और ईरान से जुड़े मुद्दों पर टिप्पणी करते हुए उन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने ट्रंप को अमेरिका के लिए “कलंक” तक बता दिया। मेयर के इन बयानों के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी और एक पोस्ट साझा की, जिसमें जॉनसन और Pope Leo XIV की तस्वीर दिखाई गई थी।
पोस्ट में ट्रंप ने कटाक्ष करते हुए लिखा कि, “कोई पोप को समझाए कि, शिकागो का मेयर पूरी तरह यूजलेस है।” यह टिप्पणी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई। दरअसल, ब्रैंडन जॉनसन हाल ही में वेटिकन दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने पोप लियो XIV से मुलाकात की। मुलाकात के बाद जॉनसन ने पोप की जमकर सराहना करते हुए उन्हें सामाजिक न्याय, प्रवासन और मानवीय मुद्दों पर एक मजबूत वैश्विक आवाज बताया। उन्होंने इस मुलाकात को अपने जीवन के सबसे प्रेरणादायक अनुभवों में से एक कहा। अब दोनों नेताओं के बीच बढ़ती बयानबाजी अमेरिकी राजनीति में नए सियासी विवाद का रूप लेती दिख रही है।
