गोल्ड-सिल्वर प्राइस टुडे: रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे सोना-चांदी, चेन्नई में सबसे महंगा हुआ गोल्ड

Follow Us

नई दिल्ली। वैश्विक स्तर और घरेलू बाजार में जारी भारी उतार-चढ़ाव के बीच बुधवार, 27 मई 2026 को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में जारी कूटनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में बदलाव के असर से अंतरराष्ट्रीय बाजार COMEX के साथ-साथ घरेलू कमोडिटी एक्सचेंज MCX पर भी पीली धातु ने लंबी छलांग लगाई है। भारतीय बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान सोना करीब रु.400 की बढ़त के साथ रु.1,57,850 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि चांदी की कीमतों में रु.1,700 की भारी तेजी आई और यह रु.2,72,000 प्रति किलोग्राम के स्तर को छू गई।

देश के प्रमुख शहरों में आज चेन्नई में सोना सबसे महंगा बिक रहा है, जहां 24 कैरेट गोल्ड का भाव रु.1,60,680 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है। वहीं, राजधानी नई दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत रु.1,59,030 प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई। मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में सोने के दाम लगभग समान रहे, जहां 24 कैरेट सोना रु.1,58,880 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और अहमदाबाद में भी सोने का भाव रु.1,58,930 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर दिखा।

इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, बाजार में इस समय जबरदस्त हलचल है। दूसरी ओर, चांदी की कीमतों ने भी निवेशकों को चौंकाया है। दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में चांदी रु.2,84,900 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है, जबकि चेन्नई में इसका रेट रु.2,94,900 प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि, अमेरिकी डॉलर की स्थिति और भू-राजनीतिक अनिश्चितता के कारण आने वाले दिनों में यह उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।