नई दिल्ली। लक्ष्य और अनन्या पांडे अभिनीत रूमानी ड्रामा ‘चांद मेरा दिल’ को घरेलू सिनेमाघरों में औसत लेकिन लगातार बढ़ता हुआ प्रतिसाद मिल रहा है। प्रदर्शन के दूसरे दिन फिल्म की कमाई में मामूली उछाल देखा गया। फिल्म व्यापार विश्लेषकों की रिपोर्ट के मुताबिक, पहले दिन 3 करोड़ कमाने के बाद फिल्म ने दूसरे दिन 3.65 करोड़ रुपये का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया। इसी के साथ भारत में फिल्म की दो दिनों की कुल कमाई 6.65 करोड़ रुपये हो गई है।
सीमित बजट और धीमी शुरुआत के बावजूद इस फिल्म ने जुनैद खान और साई पल्लवी की फिल्म ‘एक दिन’ के दूसरे दिन की कमाई (1.20 करोड़) को काफी पीछे छोड़ दिया है। धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म की वैश्विक कमाई दो दिनों में 8.69 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जिसमें 80 लाख रुपये की विदेशी बाजारों की कमाई भी शामिल है। विवेक सोनी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में लक्ष्य और अनन्या की कॉलेज जीवन की रूमानी केमिस्ट्री और दमदार अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों द्वारा काफी सराहा जा रहा है।
दूसरी तरफ, सिनेमाघरों में पहले से मौजूद आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘पति पत्नी और वो 2’ ने प्रदर्शन के नौवें दिन (शनिवार) को छुट्टी का फायदा उठाते हुए 2.77 करोड़ रुपये बटोरे, जिससे उसकी कुल कमाई 33.12 करोड़ रुपये हो गई है। इस सप्ताहांत की कमाई के बाद अब सबकी नजरें ‘चांद मेरा दिल’ के रविवार के कारोबार पर टिकी हैं, क्योंकि फिल्म को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया और बेहतरीन संगीत के दम पर रविवार को दर्शकों की संख्या में बड़ा उछाल आने की उम्मीद है।
