रोहतक के दहिया परिवार ने रचा इतिहास: ब्रिटेन की राजनीति में हरियाणा के मां-बेटे एक साथ बने मेयर

Follow Us

नई दिल्ली। हरियाणा के रोहतक (सेक्टर-34) के एक साधारण से परिवार में इन दिनों जश्न का माहौल है। वजह है ब्रिटेन में रहने वाले दहिया परिवार की एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व उपलब्धि। इस परिवार के दो सदस्यों—परवीन रानी और उनके 23 वर्षीय बेटे तुषार कुमार ने ब्रिटेन में मेयर का चुनाव जीतकर पूरे देश का मान बढ़ाया है। दोनों भारतीय मूल के ऐसे पहले प्रवासी मां-बेटे बन गए हैं, जिन्होंने लेबर पार्टी की ओर से सामुदायिक सेवा के दम पर राजनीति में यह मुकाम हासिल किया है।

महज 23 साल के तुषार कुमार को ‘एल्स्ट्रे और बोरहमवुड टाउन काउंसिल’ का मेयर चुना गया है। इसके साथ ही वे ब्रिटेन में मेयर पद संभालने वाले भारतीय मूल के सबसे युवा व्यक्ति बन गए हैं। तुषार इससे पहले सिर्फ 20 साल की उम्र में ही काउंसलर चुन लिए गए थे। किंग्स कॉलेज लंदन से राजनीति विज्ञान में ग्रेजुएशन करने के बाद, तुषार वर्तमान में यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन से मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं और अब वे पढ़ाई के साथ-साथ इस बड़ी जिम्मेदारी को भी संभालेंगे।

तुषार के राजनीति में आने का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने स्कूल के दिनों से ही सामाजिक और चैरिटी संस्थाओं के साथ जुड़कर काम करना शुरू कर दिया था। उनके इसी सेवा भाव को देखकर स्थानीय ब्रिटिश नागरिकों ने उन्हें चुनाव लड़ने की सलाह दी थी, जिसके बाद मां-बेटे की इस जोड़ी ने सफलता का नया इतिहास लिख दिया।