पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां चमन फाटक के पास एक यात्री ट्रेन को निशाना बनाकर भीषण आत्मघाती हमला किया गया है। इस दर्दनाक धमाके में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 47 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब ट्रेन क्वेटा कैंट स्टेशन से रवाना हुई थी। इस ट्रेन में पाकिस्तानी सेना के जवान बड़ी संख्या में सवार थे, और मृतकों में भी कई सैनिकों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। धमाका इतना जोरदार था कि ट्रेन के इंजन सहित तीन डिब्बे पटरी से उतर गए और दो डिब्बे पूरी तरह पलट गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पास की पार्किंग में खड़ी दर्जनों गाड़ियां भी मलबे में तब्दील हो गईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। बलूचिस्तान सरकार और रेल मंत्रालय ने इस कायरतापूर्ण कृत्य की कड़ी निंदा की है। अपुष्ट खबरों के मुताबिक, अलगाववादी संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) की मजीद ब्रिगेड ने इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली है। इस आतंकी वारदात के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और अन्य ट्रेनों को एहतियातन रोक दिया गया है।
