आग का तांडव: जिले के थाना परिसर में कई वाहन खाक, राइस मिल में शॉर्ट सर्किट से लाखों का नुकसान

Follow Us

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में भीषण गर्मी के बीच आगजनी की दो बड़ी घटनाओं से हड़कंप मच गया है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में जहां पुलिस थाना परिसर में खड़े जब्त वाहन जलकर राख हो गए, वहीं एक राइस मिल में लगी भीषण आग से लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन और पुलिस आग लगने की इन घटनाओं की बारीकी से जांच कर रहे हैं।

पहली घटना धमतरी के अर्जुनी थाना क्षेत्र की है। यहां थाना परिसर के पास खुले मैदान में सालों से रखे कंडम और पुलिस द्वारा अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए वाहनों में अचानक आग लग गई। चिलचिलाती गर्मी और तेज हवाओं के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की गगनचुंबी लपटों ने मैदान में खड़े पांच जब्त वाहनों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे जलकर पूरी तरह खाक हो गए। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दूसरी घटना कुरूद क्षेत्र में स्थित एक राइस मिल की है, जहां अचानक लगी आग से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस आगजनी में मिल के भीतर रखे बारदाने, धान के कट्टे और प्लास्टिक की बोरियां तेजी से जलने लगीं, जिससे मिल संचालक को लाखों रुपये का फटका लगा है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को और ज्यादा फैलने से तो रोक लिया, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था। मामले में अब तक मिल संचालक की ओर से पुलिस में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।