जगदलपुर। क्षेत्र के खेत में बोर खनन को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट के दौरान 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बड़ांजी थाना क्षेत्र के सिरीसगुड़ा गांव की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मसु बघेल और उनके भाई के परिवार के बीच खेत में बोर खनन कराने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों परिवारों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई।
इसी दौरान मसु बघेल को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों पक्षों से पूछताछ कर घटना की असली वजह जानने में जुटी है।
