रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव का औपचारिक ऐलान कर दिया गया है। रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय युवा कांग्रेस के मुख्य चुनाव आयुक्त जसप्रीत सिंह और प्रदेश चुनाव अधिकारी रोशन नेगी ने चुनाव कार्यक्रम जारी किया। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रदेश को पांच जोन में बांटकर ZRO नियुक्त किए जाएंगे। घोषित कार्यक्रम के अनुसार ब्लॉक और जिला कमेटियों के लिए 29 मई से 13 जून तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के पदों के लिए 11 जून से 13 जून तक आवेदन लिए जाएंगे।
15 जून से 18 जून तक नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी। इसके बाद सदस्यता अभियान और चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएगी। युवा कांग्रेस ने सदस्यता प्रक्रिया को इस बार काफी सख्त बनाया है। सदस्य बनने और चुनाव लड़ने के लिए 18 से 35 वर्ष की आयु सीमा तय की गई है। फर्जी सदस्यता रोकने के लिए वोटर आईडी अनिवार्य की गई है। साथ ही आवेदक को 8 सेकेंड का वीडियो अपलोड करना होगा, जिसमें वह खुद अपनी जानकारी देगा। आयु प्रमाण के लिए 10वीं की मार्कशीट, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या अन्य वैध दस्तावेज मान्य होंगे। चुनाव में ‘एक व्यक्ति-एक पद’ का नियम भी लागू रहेगा। महत्वपूर्ण पदों के चयन के लिए दिल्ली में राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने इंटरव्यू की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
