नहाने के दौरान बड़े हाथी के नीचे दबा शावक, रायगढ़ में 5 महीने में 8वीं मौत

Follow Us

रायगढ़। जिले के छाल रेंज से एक बेहद भावुक और चिंताजनक घटना सामने आई है। जंगल के आमामुड़ा तालाब में हाथियों के दल के साथ नहाने पहुंचे एक मासूम हाथी शावक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, नहाने के दौरान अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बनी और शावक एक बड़े हाथी के नीचे दब गया, जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई।
घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे पुसल्दा गांव के जंगल क्षेत्र में हुई। इलाके में पिछले कई दिनों से करीब 70 हाथियों का दल अलग-अलग समूहों में घूम रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, शावक की मौत के बाद मादा हाथी काफी देर तक उसके पास मंडराती रही।

इतना ही नहीं, उसने खुद अपने मृत बच्चे को तालाब से बाहर निकालने की कोशिश की। रातभर हाथियों का दल तालाब किनारे चिंघाड़ता रहा, जिससे पूरा जंगल गूंज उठा। बुधवार सुबह भी हाथियों का झुंड मृत शावक के आसपास ही डटा रहा। यही वजह है कि, वन विभाग की टीम शव तक नहीं पहुंच सकी। मौके पर वन अमला और पशु चिकित्सकों की टीम मौजूद है, लेकिन हाथियों के जंगल की ओर लौटने के बाद ही पीएम और अन्य प्रक्रिया पूरी की जाएगी। गौरतलब है कि, रायगढ़ वन मंडल में पिछले 5 महीनों के भीतर 8 हाथी शावकों की मौत हो चुकी है, जिससे वन विभाग की चिंता और बढ़ गई है।