सरगुजा/धमतरी। छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सरगुजा और धमतरी जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में भाजपा बूथ अध्यक्ष सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। सरगुजा जिले के बतौली क्षेत्र में एनएच-43 पर भाजपा बूथ अध्यक्ष शिव मंगल दास सड़क हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि, शांतिपारा मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि, वाहन चालक उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए फरार हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

वहीं, धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में भी तेज रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पीपरछेड़ी निवासी नारायण महार देर रात राइस मिल से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेलीनसत्ती के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ते सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

