अग्नि-1 बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण: परमाणु बम ले जाने में सक्षम, 1200 किमी तक सटीक निशाना लगाने की ताकत

Follow Us

बालासोर (ओडिशा)। भारत ने परमाणु और पारंपरिक दोनों तरह के हथियार ले जाने में सक्षम स्वदेशी ‘अग्नि-1’ शॉर्ट रेंज बैलिस्टिक मिसाइल का एक और सफल परीक्षण किया है। ओडिशा के तट पर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप (चांदीपुर) के इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (ITR) से शाम ठीक 6:30 बजे यह परीक्षण किया गया। भारतीय रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) के वरिष्ठ वैज्ञानिकों और भारतीय सेना के जवानों की मौजूदगी में मिसाइल ने अपने तय रास्ते को पूरा करते हुए लक्ष्य पर बेहद सटीक निशाना साधा। हाल ही में पाकिस्तान द्वारा फतह मिसाइल के किए गए परीक्षणों के बीच भारत का यह कदम रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अग्नि-1 मिसाइल की सबसे बड़ी खूबी इसकी मारक क्षमता और रफ्तार है। यह मिसाइल 700 किलोमीटर से लेकर 1,200 किलोमीटर तक की दूरी पर मौजूद दुश्मन के ठिकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर सकती है, जिसकी जद में पूरा पाकिस्तान आता है। 12 मीटर लंबी और करीब 12 टन वजनी यह मिसाइल अपने साथ 1,000 किलोग्राम (1 टन) तक का परमाणु या पारंपरिक पेलोड ले जाने में सक्षम है।

ठोस ईंधन (Solid Propellant) आधारित तकनीक पर काम करने के कारण इस मिसाइल को बहुत कम समय में त्वरित प्रक्षेपण के लिए तैयार किया जा सकता है। साथ ही, इसे सड़क मार्ग (मोबाइल लॉन्चर) से भी आसानी से कहीं भी ले जाकर दागा जा सकता है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह परीक्षण भारत की ‘क्रेडिबल मिनिमम डिटेरेंस’ नीति और सैन्य तैयारियों को और अधिक मजबूती प्रदान करता है।