चीन की कोयला खदान में भीषण गैस धमाका: 90 मजदूरों की मौत, 9 अब भी लापता, राष्ट्रपति जिनपिंग ने दिए सख्त जांच के आदेश

Follow Us

बीजिंग। मध्य चीन के शानक्सी प्रांत से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक कोयला खदान में हुए जोरदार गैस विस्फोट में कम से कम 90 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 9 मजदूर अब भी लापता हैं। सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के मुताबिक, यह भीषण धमाका राजधानी बीजिंग से लगभग 520 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित किनयुआन काउंटी की ‘लियुशेनयु कोयला खदान’ में शुक्रवार देर रात हुआ। हादसे के वक्त खदान के भीतर कुल 247 मजदूर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि विस्फोट से ठीक पहले खदान में जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन जब तक कोई संभल पाता, वहां जोरदार धमाका हो गया। इसे चीन में बीते एक दशक का सबसे बड़ा कोयला खदान हादसा माना जा रहा है।

हादसे के बाद राहत और बचाव दल मलबे में फंसे और लापता लोगों की तलाश में युद्ध स्तर पर जुटा हुआ है। इस बीच कई मजदूरों को सुरक्षित बाहर भी निकाला गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री ली कियांग ने घायलों के बेहतर इलाज और बचाव अभियान में कोई कसर न छोड़ने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रपति जिनपिंग ने अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की गहन जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त से सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही चीन के उप प्रधानमंत्री झांग गुओकिंग ने भी स्थानीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर राहत कार्य की कमान संभाली है। शानक्सी प्रांत चीन का सबसे बड़ा कोयला उत्पादक क्षेत्र है, जहां सुरक्षा दावों के बावजूद यह बड़ा हादसा हो गया।