रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने कोर्ट मैनेजर पद के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए हैं। 22 मई को आयोजित किए गए साक्षात्कार (इंटरव्यू) के तुरंत बाद आयोग ने देर रात चयनित 20 अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची जारी कर दी। इस प्रतिष्ठित सूची में प्रवीण कुमार भी अपना स्थान सुरक्षित करने में कामयाब रहे हैं, जिससे उनके शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत मुख्य परीक्षा का आयोजन 19 अप्रैल 2026 को किया गया था, जिसके नतीजे महज 8 दिन बाद यानी 27 अप्रैल को जारी कर दिए गए थे। नियमों के मुताबिक, कुल विज्ञापित पदों के मुकाबले तीन गुना यानी 66 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चुना जाना था। हालांकि, वर्गवार और उपवर्गवार योग्य उम्मीदवारों की उपलब्धता के आधार पर कुल 56 अभ्यर्थियों को ही साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया था।

शुक्रवार को इंटरव्यू संपन्न होने के बाद, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में मिले अंकों के कुल योग (मेरिट क्रम) के आधार पर कुल 22 रिक्त पदों के मुकाबले 20 पदों के लिए अंतिम चयन सूची और अनुपूरक सूची जारी की गई है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
