बैंकॉक। थाईलैंड जाने की योजना बना रहे भारतीय पर्यटकों के लिए एक मायूस करने वाली खबर है। थाई सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए भारतीयों के लिए जारी ‘वीजा-फ्री एंट्री’ (मुफ्त वीजा प्रवेश) की सुविधा को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है। 19 मई को हुई थाई कैबिनेट की बैठक में भारत को वीजा-मुक्त देशों की सूची से बाहर करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। साल 2024 से भारतीय पर्यटक इस खास सुविधा का लाभ उठा रहे थे, जिसे कोरोना महामारी के बाद पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया था।
थाईलैंड के विदेश मंत्रालय के अनुसार, सरकार ने अपनी वीजा नीतियों की समीक्षा करते हुए भारत समेत 93 देशों के लिए उपलब्ध 60 दिनों की वीजा छूट योजना को रद्द कर दिया है। अब भारत को ‘वीजा ऑन अराइवल’ (VoA) की संशोधित श्रेणी में डाल दिया गया है। राहत की बात सिर्फ इतनी है कि इस नई सूची में भारत सहित दुनिया के केवल 4 देशों (भारत, अज़रबैजान, बेलारूस और सर्बिया) को ही जगह मिली है, जिन्हें वहां पहुंचने पर वीजा मिल सकेगा। यह नया नियम थाईलैंड के ‘रॉयल गजट’ में प्रकाशित होने के 15 दिन बाद पूरी तरह लागू हो जाएगा। हालांकि, जो लोग पहले से थाईलैंड में मौजूद हैं, वे अपनी तय अवधि तक वहां रुक सकेंगे।

वीजा नियमों को अचानक इतना सख्त करने के पीछे थाईलैंड ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया है। थाईलैंड के पर्यटन मंत्री सुरासाक फंचारोएनवोराकुल के मुताबिक, हाल के दिनों में कई विदेशी नागरिकों की अवैध गतिविधियों, ड्रग्स तस्करी, मानव तस्करी और बिना अनुमति के होटल-स्कूल चलाने जैसे अपराधों में गिरफ्तारियां हुई हैं। इसी राष्ट्रीय सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए थाईलैंड ने यह कड़ा कदम उठाया है। अब थाईलैंड केवल अमेरिका, ब्रिटेन और जापान जैसे 54 देशों को ही 30 दिनों की वीजा छूट देगा।
