ईंधन की आग में झुलसी जनता: 9 दिन में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, CNG भी हुई आउट ऑफ कंट्रोल

Follow Us

नई दिल्ली। आम जनता की जेब पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। ईंधन की कीमतों में लगी आग थमने का नाम नहीं ले रही है। तेल कंपनियों ने एक बार फिर पेट्रोल पर 87 पैसे और डीजल पर 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। पिछले 9 दिनों के भीतर यह तीसरी बढ़ोतरी है, जिसके बाद पेट्रोल-डीजल के दाम करीब 5 रुपये तक बढ़ चुके हैं। केवल ईंधन ही नहीं, बल्कि सीएनजी (CNG) भी आज 1 रुपये महंगी होकर 81.09 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है, जो 9 दिनों में कुल 4 रुपये महंगी हो चुकी है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतें 70 डॉलर से उछलकर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं, जिसका सीधा असर अब घरेलू कीमतों पर दिख रहा है। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपये और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। वहीं, मुंबई में पेट्रोल 108.49 रुपये और डीजल 95.02 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल का भाव 110.64 रुपये और चेन्नई में 105.31 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

ईंधन की इस लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर अब आम आदमी की रसोई और जेब पर पड़ने वाला है। मालभाड़ा बढ़ने से फल, सब्जियां और राशन जैसी जरूरी चीजें महंगी हो जाएंगी। इसके साथ ही स्कूल बसों और सार्वजनिक परिवहन का किराया बढ़ने की भी पूरी आशंका है, जिससे हर वर्ग की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।