सामूहिक हत्याकांड से दहला अमेरिका का पड़ोसी देश: दो अलग-अलग हमलों में 6 पुलिसकर्मियों समेत 25 की मौत

Follow Us

तेगुसिगाल्पा। अमेरिका के पड़ोसी देश होंडुरास से सामूहिक हत्याकांड की एक बेहद दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दो अलग-अलग इलाकों में बंदूकधारियों द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग में 6 पुलिस अधिकारियों सहित कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई है। इस खूनी खेल के बाद पूरे देश में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता एडगार्डो बाराहोना के अनुसार, पहली बर्बर घटना उत्तरी होंडुरास के ट्रूजिलो नगर पालिका में हुई।

यहाँ एक कृषि बागान में काम कर रहे कम से कम 19 बेकसूर मजदूरों को हमलावरों ने गोलियों से भून दिया। बताया जा रहा है कि संसाधनों से समृद्ध यह तटीय इलाका दशकों से कृषि और जमीन से जुड़े विवादों का बड़ा केंद्र रहा है। इस नरसंहार के तुरंत बाद डरे-सहमे परिजन पुलिसिया कार्रवाई से पहले ही अपने प्रियजनों के शवों को घटनास्थल से उठाकर ले गए, जिसके कारण मृतकों की सटीक संख्या का आंकड़ा जुटाने में जांचकर्ताओं को परेशानी आ रही है।

वहीं दूसरी खूनी वारदात ग्वाटेमाला सीमा के पास कोर्टेस विभाग के ओमोआ नगर पालिका में हुई। यहाँ गिरोह-विरोधी (Anti-gang) अभियान पर तैनात पुलिसकर्मियों के काफिले पर घात लगाकर हमला किया गया। राजधानी तेगुसिगाल्पा से ओमोआ की तरफ जा रहे इन जवानों पर हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं, जिसमें एक वरिष्ठ अधिकारी सहित 6 पुलिसकर्मी शहीद हो गए। सुरक्षा मंत्रालय ने इन दोनों क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अपराधियों को पकड़ने और मामले की तह तक जाने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों और अभियोजकों की विशेष टीमें गठित की गई हैं।