गांजा तस्करों का हाईवोल्टेज ड्रामा: पुलिस पर चढ़ाई कार, पीछा करते हुए हादसे में पलटी गाड़ियां, 75 लाख का गांजा जब्त

Follow Us

गरियाबंद। जिले में गांजा तस्करों और पुलिस के बीच देर रात फिल्मी अंदाज में पीछा और घेराबंदी का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ पुलिस की देवभोग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्विफ्ट कारों से करीब डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 75 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, ओडिशा से गांजा की बड़ी खेप मध्य प्रदेश ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी।

आरोपियों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए अपनी गाड़ियों की मध्य प्रदेश नंबर प्लेट हटाकर छत्तीसगढ़ की नंबर प्लेट लगा दी थी, लेकिन पुलिस पहले से सतर्क थी। नाकाबंदी देखकर तस्करों ने भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिसकर्मियों को कुचलने के इरादे से कार चढ़ाने का प्रयास भी किया गया। थाना प्रभारी फैजुल हुदा शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया। तेज रफ्तार में भाग रही दोनों कारें अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गईं, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एक बड़े नेटवर्क के लिए गांजा सप्लाई का काम करते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।