आस्था के केंद्र कुदरगढ़ धाम में लगी भीषण आग,धुएं के गुबार से मचा हड़कंप, श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी

Follow Us

सूरजपुर। जिले के प्रसिद्ध कुदरगढ़ देवी धाम में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घने जंगलों के बीच स्थित इस धार्मिक स्थल में आग लगते ही काले धुएं का गुबार आसमान में फैल गया, जिससे श्रद्धालुओं और मंदिर परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में नारियल फोड़ने वाले स्थान के पास श्रद्धालुओं द्वारा जलाई गई अगरबत्तियों से आग भड़की। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के हिस्सों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।

आग की लपटें ज्योति कलश भवन तक पहुंच गईं, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों और मंदिर समिति की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। हालांकि घटना के दौरान मंदिर परिसर में अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था नहीं होने पर भी सवाल उठने लगे हैं। कुदरगढ़ देवी धाम छत्तीसगढ़ का प्रसिद्ध आस्था केंद्र माना जाता है। मान्यता है कि यहां मां भगवती पार्वती ने तपस्या की थी और राक्षसों का संहार किया था। करीब 400 वर्ष पहले स्थापित इस मंदिर में हर वर्ष नवरात्र के दौरान हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।