गरियाबंद। जिले में एक बार फिर तेंदुए की दहशत देखने को मिली है। गुरुवार रात कोदोबतर के चट्टानपारा इलाके में तेंदुए ने 7 वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। मासूम पड़ोस के घर से टीवी देखकर लौट रहा था, तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने उसे दबोच लिया। बच्चे की चीख सुनकर परिजन दौड़े और साहस दिखाते हुए उसे तेंदुए के चंगुल से छुड़ा लिया। जानकारी के मुताबिक घायल बच्चा धनेश कुमार अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान तेंदुए ने उसकी गर्दन पकड़ ली और जंगल की ओर खींचने लगा। परिजनों और ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ बच्चे को छोड़कर भाग गया।
हमले में बच्चे की गर्दन और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के दिनों में अक्सर जंगल से निकलकर तेंदुए आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं। गरियाबंद मुख्यालय के आसपास हर साल वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ने से लोगों में डर बना रहता है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं और गांव में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। प्रांजलि मिश्रा ने बताया कि, तेंदुए की लोकेशन ट्रैक करने का प्रयास जारी है।
