रायपुरवासियों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत: आज खुल जाएगा कचना ओवरब्रिज, सीएम साय करेंगे लोकार्पण

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बहुप्रतीक्षित कचना ओवरब्रिज शुक्रवार से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शाम को इसका लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहेंगे। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, करीब 49 करोड़ रुपए की लागत से बने इस ओवरब्रिज से शंकरनगर, खम्हारडीह और कचना क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। रायपुर-वाल्टेयर रेललाइन पर लगातार ट्रेनों की आवाजाही के कारण कचना रेलवे फाटक अक्सर बंद रहता था, जिससे घंटों जाम की स्थिति बन जाती थी।

अब ओवरब्रिज शुरू होने के बाद यातायात अधिक सुगम और तेज हो जाएगा। परियोजना को वर्ष 2022 में प्रशासनिक मंजूरी मिली थी, जबकि निर्माण कार्य 2023 में शुरू हुआ। रेलवे से तकनीकी मंजूरी और डिजाइन स्वीकृति में देरी के कारण निर्माण समय बढ़ गया था। लोकार्पण समारोह के चलते शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक खम्हारडीह-कचना मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक रूट जारी किए हैं और लोगों से जरूरत पड़ने पर ही इस मार्ग का उपयोग करने की अपील की है।