रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। नवतपा शुरू होने से पहले ही प्रदेश में सूरज आग उगल रहा है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने आज भीषण गर्मी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि रायपुर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गुरुवार को रायपुर में पारा 44 डिग्री के पार दर्ज किया गया, जबकि माना क्षेत्र सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों को परेशान कर दिया। हालात ऐसे रहे कि कूलर भी राहत नहीं दे पाए और दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदा बाजार, धमतरी, दुर्ग, कबीरधाम, राजनांदगांव और रायपुर समेत कई जिलों में हीटवेव चलने की संभावना है। इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कोरबा, महासमुंद और गरियाबंद सहित कुछ जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने के संकेत हैं।
