नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर आज पूरा देश उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। इस मौके पर उनके पुत्र और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपने बचपन की एक तस्वीर साझा करते हुए बेहद भावुक पोस्ट लिखा। राहुल गांधी ने अपने पिता को याद करते हुए कहा, “पापा, आपने जिस कुशल, समृद्ध और मजबूत भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी मैं पूरी करूंगा। आपकी सीख, आपके संस्कार और आपकी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी।” इससे पहले सुबह सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाडरा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली स्थित राजीव गांधी के स्मारक ‘वीर भूमि’ जाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि।” वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि भारत के इस महान सपूत ने करोड़ों भारतीयों में आशा की किरण जगाई थी। उनके दूरदर्शी और साहसिक प्रयासों ने ही भारत को 21वीं सदी की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गौरतलब है कि 20 अगस्त 1944 को मुंबई में जन्मे राजीव गांधी देश के इतिहास में सबसे कम उम्र (मात्र 40 वर्ष) में प्रधानमंत्री बनने वाले नेता थे। उन्होंने 31 अक्टूबर 1984 से 2 दिसंबर 1989 तक देश का नेतृत्व किया। 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक चुनावी रैली के दौरान एक आत्मघाती हमले में उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी, जिसमें उनके साथ 18 अन्य लोग भी मारे गए थे।
