कवर्धा। जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया है। लोहारा थाना क्षेत्र में चुनाव ड्यूटी से लौट रहे पुलिस आरक्षक रुपेश राजपूत की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी समेत दो लोग अभी भी उपचाराधीन हैं। जानकारी के मुताबिक, आरक्षक रुपेश राजपूत डीएसबी शाखा में पदस्थ थे। सोमवार को वे अपने साथी आरक्षक रेखूराम धुर्वे के साथ लोहारा नगर पंचायत उपचुनाव से जुड़ी जानकारी जुटाने ड्यूटी पर गए थे। काम पूरा कर दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
आपको बता दे,टक्कर इतनी भीषण थी कि, दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक सवार युवक भी हादसे में घायल हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रुपेश राजपूत को रायपुर के निजी अस्पताल रेफर किया गया था। करीब तीन दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आरक्षक रुपेश राजपूत ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं घायल आरक्षक रेखूराम धुर्वे और दूसरी बाइक सवार का इलाज जारी है। लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
