सुवेंदु अधिकारी के PA मर्डर केस में बड़ा ट्विस्ट: गलत पहचान के कारण गिरफ्तार रील मेकर रिहा, असली कातिल दबोचा गया

Follow Us

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कद्दावर भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी और पीए चंद्रनाथ रथ की सनसनीखेज हत्या के मामले में एक बड़ा मोड़ सामने आया है। बंगाल पुलिस और जांच एजेंसियों द्वारा गलत पहचान (मिस्टेकन आइडेंटिटी) के चलते गिरफ्तार किए गए आरोपी राज सिंह को रिहा कर दिया गया है। दरअसल, फेसबुक पर रील बनाने वाले इस राज सिंह ने ‘जय श्रीराम’ कहते हुए एक 21 सेकंड का वीडियो जारी कर धैर्य रखने की बात कही थी, जिसे संदिग्ध मानकर पुलिस ने अयोध्या से गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, पूछताछ में गलती का अहसास होने पर सीबीआई और पुलिस ने उसे छोड़ दिया और आखिरकार मुजफ्फरनगर के छपार टोल से असली आरोपी राज सिंह को दबोच लिया गया। इस मामले में पुलिस बक्सर से विक्की मौर्य और मयंक मिश्रा नामक दो अन्य शूटरों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

गौरतलब है कि 6 मई की रात उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की स्कॉर्पियो कार को ओवरटेक कर घेर लिया गया था और उन पर करीब 10 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। हमले में उनके सीने और पेट में 6 गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका ड्राइवर और सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। इस वीभत्स हत्याकांड में कथित तौर पर अत्याधुनिक ऑस्ट्रेलियन ‘ग्लॉक पिस्टल’ का इस्तेमाल किया गया था, जिसकी फॉरेंसिक जांच जारी है। भवानीपुर जैसे हाई-प्रोफाइल चुनावों में सुवेंदु अधिकारी के सारथी रहे चंद्रनाथ रथ की इस हत्या को भाजपा नेताओं ने राजनीतिक रंजिश का नतीजा बताया है। फिलहाल, असली शूटरों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस हत्या की मुख्य साजिश और इसके पीछे छिपे राजनीतिक चेहरों बेनकाब करने में जुट गई है।