उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में इन दिनों फिल्मी सितारों और वीआईपी श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। इसी कड़ी में आज तड़के सुबह भोजपुरी फिल्मों और टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री मोनालिसा (अंतरा बिस्वास) अपने पति और फिल्म अभिनेता विक्रांत सिंह राजपूत के साथ उज्जैन पहुंचीं। दोनों कलाकारों ने बाबा महाकाल की अलौकिक भस्म आरती में हिस्सा लिया और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान दोनों करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ भस्म आरती के साक्षी बने। आरती संपन्न होने के बाद मोनालिसा और विक्रांत ने नंदी जी का विधि-विधान से पूजन-अभिषेक किया और परंपरा के अनुसार नंदी के कान में अपनी मनोकामना कही। इसके बाद उन्होंने चांदी द्वार से पुजारी के माध्यम से भगवान महाकाल पर जल अर्पित किया, जिसके बाद महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया।

ग्लैमर की दुनिया से दूर पारंपरिक परिधान में महाकाल की शरण में पहुंचीं मोनालिसा की यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। आपको बता दें कि मोनालिसा मनोरंजन जगत का एक बड़ा नाम हैं। 200 से अधिक भोजपुरी फिल्मों में अभिनय करने के साथ-साथ उन्होंने हिंदी, बंगाली, ओड़िया, तमिल, कन्नड़ और तेलुगु सिनेमा में भी अपनी खास पहचान बनाई है। उन्हें देशव्यापी लोकप्रियता रियलिटी शो ‘बिग बॉस 10’ से मिली, जिसके बाद उन्होंने ‘नज़र’ और ‘नमक इस्क का’ जैसे सुपरहिट हिंदी टीवी धारावाहिकों में अपनी बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता। वह भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज सितारों पवन सिंह, दिनेश लाल यादव और खेसारी लाल यादव के साथ कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुकी हैं।
