तेल-घी के पीपों ने बढ़ाई तबाही, देखते ही देखते राख हुआ पूरा गोदाम

Follow Us

बलौदा बाजार। शहर के लवन रोड स्थित दीपल ट्रेडर्स के विशाल किराना गोदाम में देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि, कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा करोड़ों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की करीब दस गाड़ियां लगातार मशक्कत करती रहीं। जानकारी के मुताबिक गोदाम में बड़ी मात्रा में तेल, घी के पीपे और अन्य ज्वलनशील किराना सामग्री रखी हुई थी। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। आग लगते ही ज्वलनशील सामान के कारण लपटें तेजी से फैल गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सीमेंट प्लांटों से भी फायर ब्रिगेड की मदद ली गई, जबकि रायपुर से अतिरिक्त दमकल टीम बुलाने की तैयारी की गई। दुकान संचालक विकास आरतानी ने बताया कि, रात करीब 9 बजे वे गोदाम बंद कर घर चले गए थे। तड़के 3 से 4 बजे के बीच आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने तक पूरा गोदाम जल चुका था। घटना के बाद कोतवाली पुलिस जांच में जुट गई है। वहीं आग बुझाने पहुंची एक दमकल गाड़ी को धक्का देकर चालू करने का वीडियो सामने आने के बाद फायर ब्रिगेड व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने की मांग की है।