नई दिल्ली। जींस एक ऐसा सदाबहार कपड़ा है, जो हर किसी के वॉर्डरोब का अहम हिस्सा होता है। यह आरामदायक होने के साथ-साथ आपको एक स्टाइलिश लुक भी देता है। लेकिन अक्सर लोग इसकी सफाई को लेकर कुछ ऐसी बड़ी गलतियां कर बैठते हैं, जिससे नई नवेली जींस का रंग बहुत जल्दी फीका पड़ने लगता है और उसकी फिटिंग भी खराब हो जाती है। अपनी पसंदीदा जींस को लंबे समय तक नया जैसा बनाए रखने के लिए आपको वाशिंग के कुछ खास तरीकों पर ध्यान देना बेहद जरूरी है।
सबसे पहली बात, जींस को कभी भी गर्म पानी में नहीं धोना चाहिए। गर्म पानी कपड़े के धागों को ढीला कर देता है, जिससे रंग तेजी से निकलता है; इसलिए हमेशा ठंडे पानी का ही इस्तेमाल करें। इसके अलावा, वाशिंग मशीन या हाथ से धोते समय ज्यादा डिटर्जेंट (साबुन) का इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि हैश केमिकल कपड़े की मजबूती और चमक दोनों को खत्म कर देते हैं। जींस को मशीन में डालते समय हमेशा उसे उल्टा (Inside Out) करके धोएं, ताकि उसकी बाहरी सतह सुरक्षित रहे और रगड़ के कारण रंग न उड़े।
अक्सर लोग जींस को धोने के बाद लंबे समय तक मशीन में ही छोड़ देते हैं, जिससे कपड़े में सिकुड़न आती है और उसका फैब्रिक कमजोर होता है। धोने के तुरंत बाद इसे बाहर निकाल लें। सबसे जरूरी बात यह है कि जींस को सुखाने के लिए ड्रायर का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। ड्रायर की गर्म हवा जींस की फिटिंग बिगाड़ देती है और कपड़ा ढीला हो जाता है। अपनी जींस को हमेशा प्राकृतिक हवा और हल्की धूप में ही सुखाएं। इन छोटी-छोटी बातों का ख्याल रखकर आप अपनी पसंदीदा जींस को सालों-साल नया और चमकदार बनाए रख सकते हैं।
