आर्मी चीफ की चेतावनी से तिलमिलाया पाकिस्तान: रक्षा मंत्री ने दी भूगोल बदलने की गीदड़भभकी, भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को बताया ‘स्मार्ट पावर’

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की कड़क चेतावनी के बाद पड़ोसी देश पाकिस्तान पूरी तरह तिलमिला उठा है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को गीदड़भभकी देते हुए धमकी दी है कि अगर भारत ने कोई दुस्साहस किया, तो उसे इतिहास के पन्नों में धकेल दिया जाएगा और उसका भूगोल बदल दिया जाएगा। दरअसल, यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब जनरल द्विवेदी ने दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में कहा था कि अगर पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो उसे तय करना होगा कि वह भूगोल का हिस्सा रहना चाहता है या इतिहास का।

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने एक इंटरव्यू में भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाए और 66 साल पुरानी सिंधु जल संधि का राग अलापते हुए कहा कि इसे भारत एकतरफा निलंबित नहीं कर सकता। उन्होंने दावा किया कि स्थायी मध्यस्थता न्यायालय का फैसला पाकिस्तान के पक्ष में है।

दूसरी तरफ, भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पिछले साल सीमा पर हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भारत की ‘स्मार्ट पावर’ का एक बेजोड़ उदाहरण बताया है। सेना प्रमुख ने रणनीतिक धैर्य की तारीफ करते हुए कहा कि इस अभियान में सैन्य कार्रवाई, कूटनीतिक संदेश, सूचना नियंत्रण और आर्थिक दबाव का एक साथ बेहद सटीक इस्तेमाल किया गया था। भारत ने साफ कर दिया है कि वह आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम है, जबकि पाकिस्तान अपनी घरेलू नाकामियों को छिपाने के लिए इस तरह की बयानबाजी का सहारा ले रहा है।