जीपीएस और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से मिनटों में उड़ाता था कारें! दिल्ली पुलिस ने शातिर शादाब को दबोचा

Follow Us

नई दिल्ली। देश में दिल्ली पुलिस की शाहदरा एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कुख्यात वाहन चोरशादाब को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई चार कारें बरामद की गई हैं, जिनमें तीन मारुति ब्रेजा और एक मारुति बलेनो शामिल है। पुलिस के मुताबिक शादाब उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है और लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों में सक्रिय था। शाहदरा के डीसीपी राजेन्द्र प्रसाद मीणा बताया कि, गुप्त सूचना के आधार पर AATS टीम ने कड़कड़ी मोड़ फ्लाईओवर के पास जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

उस समय वह चोरी की ब्रेजा कार में घूम रहा था। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि, वह इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से कुछ ही मिनटों में कारों को अनलॉक कर चोरी कर लेता था। चोरी के बाद गाड़ियों की नंबर प्लेट बदलकर उन्हें दिल्ली, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना में अपने नेटवर्क के जरिए बेच दिया जाता था। जांच में गिरोह से जुड़े कई अन्य नाम भी सामने आए हैं, जिनमें डॉ. वाहिद, शमीम उर्फ पिल्ला और वसीम कुरैशी शामिल हैं। ये आरोपी चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने का काम करते थे। पुलिस अब फरार सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शादाब के खिलाफ दिल्ली, यूपी और हरियाणा में वाहन चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले सहित 16 गंभीर मामले दर्ज हैं।