पुणे में शर्मनाक वारदात: चलती कार में महिला वकील के साथ अश्लील हरकतें, 3 गिरफ्तार, चौथे की तलाश जारी

Follow Us

पुणे। महाराष्ट्र के पॉश इलाके कोरेगांव पार्क में महिलाओं की सुरक्षा को तार-तार करने वाली एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ मुंबई हाई कोर्ट में प्रैक्टिस कर रही और मूल रूप से बिहार (पटना) की रहने वाली एक महिला वकील के साथ चलती कार में कथित तौर पर यौन उत्पीड़न और रेप की वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है।

पीड़ित महिला वकील किसी काम के सिलसिले में पुणे आई थी और कोरेगांव पार्क के एक फाइव-स्टार होटल में रुकी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, होटल में शराब पीने के दौरान महिला की मुलाकात पास की टेबल पर बैठे दो युवकों से हुई। इसके बाद वे सभी किसी दूसरे पब में पार्टी करने का प्लान बनाकर एक कार से रवाना हुए। आरोप है कि, बंड गार्डन इलाके की तरफ जाने के दौरान कार सवार आरोपियों ने महिला के साथ बदसलूकी और यौन उत्पीड़न शुरू कर दिया।

हैवानियत की हदें पार करते हुए सफर के दौरान आरोपियों ने अपने दो अन्य दोस्तों को स्पीकर फोन पर लिया और चारों ने मिलकर महिला पर बेहद अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों-अभिषेक नवनाथ मुक्टे, धनंजय सॉर्टे और आदेश शिंदे को दबोच लिया है। आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की जा रही है और फरार चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।