नई दिल्ली/ओस्लो। भारत में मानवाधिकार और प्रेस की आजादी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तीखा सवाल पूछने वाली नॉर्वे की महिला पत्रकार हेले लिंग (Helle Lyng) अब लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का इंटरव्यू लेने जा रही हैं। हेले लिंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर राहुल गांधी को टैग करते हुए लिखा, “नमस्ते, क्या आप मंगलवार को नॉर्वेजियन टाइम पर फोन इंटरव्यू के लिए उपलब्ध होंगे? यह जानना दिलचस्प होगा कि, आप नॉर्वे की यात्रा को कैसे देखते हैं।” हालांकि, इस पर फिलहाल राहुल गांधी की ओर से कोई आधिकारिक जवाब नहीं आया है, लेकिन इसने भारतीय राजनीति में एक नया उबाल ला दिया है।
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब ओस्लो में पीएम मोदी के एक कार्यक्रम के दौरान हेले लिंग के सवालों का जवाब नहीं मिला। इस पर राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए लिखा था, “जब दुनिया एक कॉम्प्रोमाइज पीएम को कुछ सवालों से घबराकर भागते हुए देखती है, तो भारत की छवि पर क्या असर पड़ता है? जब छिपाने के लिए कुछ नहीं है, तो डरने की भी कोई बात नहीं है।” इसके बाद पत्रकार ने राहुल गांधी से ही संपर्क साध लिया।
इससे पहले, पीएम मोदी द्वारा सवाल न लेने पर हेले लिंग ने नाराजगी जताते हुए भारत की प्रेस फ्रीडम रैंकिंग (157वें स्थान) पर सवाल उठाए थे। विवाद बढ़ता देख भारतीय विदेश मंत्रालय ने उन्हें प्रेस ब्रीफिंग में आमंत्रित किया। वहां जब हेले लिंग ने पूछा कि “हम भारत पर भरोसा क्यों करें?”, तो पश्चिम मामलों के सचिव सिबी जॉर्ज ने उन्हें करारा जवाब दिया। सिबी जॉर्ज ने भारत को 500 साल पुरानी सभ्यता बताते हुए वैश्विक स्तर पर भारत के योगदान और कोरोना काल में की गई मदद का हवाला दिया। इस दौरान जब पत्रकार ने उन्हें बीच में टोकने की कोशिश की, तो सिबी जॉर्ज ने सख्त लहजे में कहा कि सवाल पूछने वाला यह तय नहीं कर सकता कि जवाब किस तरीके से दिया जाए, यह मेरा अधिकार है।
