कैलिफोर्निया। टेक जगत के दो सबसे बड़े दिग्गजों- एलन मस्क और सैम ऑल्टमैन के बीच लंबे समय से चली आ रही कानूनी लड़ाई का अंत हो गया है। अमेरिकी फेडरल कोर्ट ने एलन मस्क को तगड़ा झटका देते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप OpenAI के पक्ष में फैसला सुनाया है। कोर्ट की 9 सदस्यीय जूरी और फेडरल जज इवोन गोंजालेज रोजर्स ने सर्वसम्मति से मस्क के दावों को खारिज कर सैम ऑल्टमैन की कंपनी को पूरी तरह निर्दोष माना है।
अदालत ने कहा कि मस्क ने यह मुकदमा दायर करने में बहुत देर कर दी। मस्क ने साल 2024 में OpenAI, उसके सीईओ सैम ऑल्टमैन और प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन के खिलाफ केस किया था। मस्क का आरोप था कि कंपनी मानवता के हित में काम करने के अपने मूल गैर-लाभकारी (Non-Profit) उद्देश्य से भटक गई है और माइक्रोसॉफ्ट जैसी महाशक्तियों के साथ मिलकर सिर्फ कॉरपोरेट मुनाफे के लिए काम कर रही है।
मस्क की ओर से कोर्ट में दलील दी गई कि OpenAI अब अपने मूल विचार को छोड़कर सिर्फ निवेशकों और अंदरूनी लोगों के फायदे के लिए काम कर रही है। इसमें उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट के 100 अरब डॉलर से अधिक के निवेश का भी हवाला दिया। दूसरी ओर, OpenAI के वकील विलियम सैविट ने मस्क के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए तंज कसा कि मस्क कई क्षेत्रों में सफल हो सकते हैं, लेकिन AI में नहीं। इस ऐतिहासिक फैसले के बाद एआई सेक्टर में सैम ऑल्टमैन और OpenAI का दबदबा पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो गया है।
