3 महीने से फरार ‘सोना पप्पू’ का ED दफ्तर में सरेंडर: कहा- ‘मैं बिजनेसमैन हूं, क्रिमिनल नहीं’, 9 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार

Follow Us

कोलकाता। कथित रंगदारी और जमीन हड़पने के मामले में पिछले तीन महीने से फरार चल रहे कोलकाता के बड़े रियल एस्टेट डेवलपर बिस्वजीत पोद्दार उर्फ ‘सोना पप्पू’ को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे सोना पप्पू ने सॉल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी दफ्तर पहुंचकर सबको चौंका दिया। दफ्तर में घुसते वक्त उसने मीडिया से कहा, “मैं एक व्यवसायी हूं, अपराधी नहीं।” हालांकि, जांच अधिकारियों को अपने बयानों से लगातार गुमराह करने के आरोप में 9 घंटे की कड़ी पूछताछ के बाद ईडी ने उसे देर रात गिरफ्तार कर लिया।

सोना पप्पू कसबा और बालीगंज इलाकों में सक्रिय कई सिंडिकेट को नियंत्रित करता था। उस पर प्रमोटरों से जबरन वसूली, झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर संपत्तियां हथियाने और प्रभावशाली लोगों के काले धन को सफेद करने के गंभीर आरोप हैं। इससे पहले ईडी ने जब उसके ठिकानों पर छापेमारी की थी, तब 2 करोड़ रुपये कैश, एक पिस्तौल और अहम दस्तावेज़ बरामद हुए थे। हाल ही में कोलकाता पुलिस के डीसीपी शांतनु सिन्हा विश्वास की गिरफ्तारी के बाद से ईडी को सोना पप्पू की तलाश और तेज हो गई थी, क्योंकि दोनों के बीच गहरे संबंध थे। फरार रहने के दौरान सोशल मीडिया पर खुद को बेगुनाह बताने वाले सोना पप्पू को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।