ट्रंप का बड़ा फैसला: ऐन वक्त पर रुका ईरान पर अमेरिकी हमला, खाड़ी देशों की अपील पर पीछे हटे कदम

Follow Us

वाशिंगटन। दुनिया एक और भीषण युद्ध के मुहाने पर खड़ी थी, लेकिन अंतिम क्षणों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर होने वाले बड़े सैन्य हमले को अचानक रोक दिया। ट्रंप ने खुलासा किया कि यह हमला मंगलवार को ही होना था, पर कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) जैसे खाड़ी सहयोगियों के अनुरोध के बाद उन्होंने अपने कदम पीछे खींच लिए। खाड़ी देशों का तर्क है कि, ईरान के साथ अभी गंभीर कूटनीतिक बातचीत चल रही है, जिसे एक मौका दिया जाना चाहिए।

ट्रंप ने अपने ‘ट्रुथ सोशल’ प्लेटफॉर्म पर बताया कि उन्होंने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और जॉइंट चीफ्स के चेयरमैन जनरल डेनियल केन को पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। ट्रंप ने साफ चेतावनी दी है कि, यदि बातचीत नाकाम होती है, तो अमेरिकी सेना किसी भी क्षण ईरान पर पूर्ण और बड़े पैमाने पर हमला करने के लिए तैयार रहे। दरअसल, अप्रैल के मध्य में हुआ नाजुक युद्धविराम अब खत्म होने की कगार पर है और ट्रंप लगातार समझौते के मापदंड बदल रहे हैं।

अमेरिकी धमकियों के बाद ईरान के सीनियर मिलिट्री कमांडर ने भी पलटवार करते हुए चेतावनी दी है कि, अमेरिका दोबारा कोई रणनीतिक भूल या गलत कैलकुलेशन करने की हिम्मत न करे। हालांकि, इस भारी तनाव के बीच ट्रंप ने एक सकारात्मक संकेत भी दिया है। उन्होंने सोमवार को कहा कि, इस बात की बहुत अच्छी संभावना है कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए जल्द ही कोई ठोस समझौता हो सकता है।