जिले में बच्चे सीखेंगे एआई और ड्रोन टेक्नोलॉजी, 10 दिवसीय टेक्निकल कैंप की शुरुआत

Follow Us

बलौदा बाजार। जिले में विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने के लिए 10 दिवसीय तकनीकी उन्मुखीकरण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। जिला प्रशासन की इस पहल में स्कूली बच्चों को रोबोटिक्स, ड्रोन, 3D प्रिंटिंग, कोडिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशन और जिला शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में शुरू हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तकनीकी कौशल और नवाचार की भावना विकसित करना है। यह प्रशिक्षण 16 मई से 25 मई तक जिले के अलग-अलग विकासखंडों के चयनित स्कूलों में आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के पहले दिन करीब 400 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को ड्रोन उड़ाने की तकनीक, रोबोटिक्स मॉडल तैयार करना, बेसिक कोडिंग और AI आधारित तकनीकों की जानकारी दी गई। बच्चों ने तकनीकी गतिविधियों और मॉडल प्रदर्शन में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल ने कहा कि, ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर देने का काम कर रहे हैं। वहीं शिक्षा अधिकारियों और विज्ञान क्लब के सदस्यों ने विद्यार्थियों को नई तकनीकों को सीखकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। जिला प्रशासन ने इस पहल को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण और तकनीकी सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया है।