लखीमपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक-टाटा मैजिक की भीषण टक्कर में 10 की मौत, सीएम योगी ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

Follow Us

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर सिसैया इलाके के पास तेज रफ्तार ट्रक और यात्रियों से भरी टाटा मैजिक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, टाटा मैजिक में करीब 12 लोग सवार थे, जो लखीमपुर से ईसानगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम भी लग गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए।