तेहरान। मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान में युद्ध जैसी तैयारियां खुलकर दिखाई देने लगी हैं। राजधानी तेहरान समेत कई इलाकों में आम नागरिकों को सार्वजनिक रूप से हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी जा रही है। सबसे ज्यादा चर्चा उस लाइव टीवी प्रसारण की हो रही है, जिसमें एक ईरानी एंकर को स्टूडियो में AK-47 चलाना सिखाया गया।
ईरान के सरकारी चैनल पर प्रसारित कार्यक्रम में एक नकाबपोश सैन्य प्रशिक्षक ने एंकर को असॉल्ट राइफल लोड करने और फायरिंग करने की ट्रेनिंग दी। इस दौरान एंकर ने कथित तौर पर UAE के झंडे की दिशा में गोली चलाई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस प्रसारण को लेकर बहस छिड़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान इन दिनों टीवी और सार्वजनिक स्थानों पर हथियार प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रहा है, ताकि संभावित युद्ध की स्थिति में आम नागरिक भी तैयार रहें।
तेहरान के हफ्ते तिर स्क्वायर पर बनाए गए विशेष बूथों में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं को अलग-अलग सैन्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया एजेंसियों द्वारा जारी तस्वीरों में महिला सैन्यकर्मियों को आम महिलाओं और बच्चों को हथियार चलाने की जानकारी देते देखा गया है। बताया जा रहा है कि देशभर में लाखों लोगों ने इस वॉलंटरी ट्रेनिंग अभियान में हिस्सा लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच ईरान की यह तैयारी अब वैश्विक चर्चा का विषय बन गई है।
