कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम (कवर्धा) जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ लिफ्ट देने के बहाने दो दरिंदों ने एक आदिवासी नाबालिग लड़की को अपनी हवस का शिकार बनाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात पीड़िता गांव में एक छठी कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। वहाँ उसकी मुलाकात पुराने परिचितों राहुल मागरे और देव सिंह धुर्वे से हुई, जो पहले उसके साथ एक रिजॉर्ट में काम करते थे। रात करीब 10 बजे घर लौटते समय दोनों युवकों ने नाबालिग को बाइक पर लिफ्ट दी। रास्ते में आरोपियों ने उसे जबरन शराब पिलाई और सरोधा दादर से रानीदहरा मार्ग पर स्थित सूने जंगल में ले जाकर गैंगरेप किया। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को अचेत हालत में छोड़कर भाग निकले।
शनिवार सुबह लकड़ी बीनने गए ग्रामीणों ने जब पीड़िता को बेसुध पाया, तो परिजनों और पुलिस को सूचित किया। पीड़िता के शरीर पर चोट के निशान हैं और उसे जिला अस्पताल कवर्धा में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी कार्रवाई जारी है।
