अमित शाह के स्वागत की तैयारियां तेज, विजय शर्मा बोले- सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

Follow Us

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 18 मई को रायपुर पहुंचने वाले गृहमंत्री राज्य में कई बड़ी योजनाओं की शुरुआत करेंगे। इस दौरान रायपुर पुलिस लाइन में डायल-112 सेवा की 400 से अधिक नई वाहनों को हरी झंडी दिखाई जाएगी। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि, अब तक डायल-112 सेवा केवल 16 जिलों में संचालित थी, लेकिन अब इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जा रहा है। सभी 33 जिलों में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वाहन तैनात किए जाएंगे, जिससे आपातकालीन सेवाएं और तेज होंगी।

दौरे के दौरान राज्य को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री की सौगात भी मिलेगी। इसके बाद गृहमंत्री बस्तर रवाना होंगे, जहां नेतानार सुरक्षा केंद्र को जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने की शुरुआत की जाएगी। यहां अस्पताल, स्कूल और आंगनबाड़ी जैसी सुविधाएं शुरू करने की योजना है। अमित शाह शहीद जवानों के परिजनों और नक्सल हिंसा से प्रभावित लोगों से भी मुलाकात करेंगे। वहीं 19 मई को वे मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे, जिसमें कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।