बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में उस समय सनसनी फैल गई, जब कोयले से लदी एक मालगाड़ी के वैगन में भीषण आग लग गई। यह घटना गतौरा रेलवे स्टेशन के पास की है, जहाँ चलती ट्रेन से अचानक आग की लपटें और काला धुआं उठते देख रेल कर्मियों के होश उड़ गए। जैसे ही लोको पायलट को इसकी भनक लगी, ट्रेन को तुरंत गतौरा स्टेशन पर खड़ा किया गया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि, स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और रेलवे प्रशासन ने आनन-फानन में दमकल विभाग को सूचित किया।
शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि, प्रदेश में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ भीषण गर्मी और सूरज की तपिश के कारण वैगन में लदे कोयले ने खुद-ब-खुद आग पकड़ ली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इस अग्निकांड के कारण बिलासपुर रेल रूट पर परिचालन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ, जिससे अन्य ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा। राहत की बात यह है कि, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और मामले की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसे खतरों को टाला जा सके।
