नई दिल्ली। अगर आप कम बजट में शानदार वीकेंड ट्रिप प्लान करना चाहते हैं, तो ऋषिकेश आपके लिए बेहतरीन जगह हो सकती है। पहाड़ों की खूबसूरती, गंगा नदी का शांत किनारा, एडवेंचर एक्टिविटीज और आध्यात्मिक माहौल हर साल लाखों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। सबसे खास बात ये है कि दिल्ली से ऋषिकेश की यात्रा बेहद सस्ती और आसान है। सही प्लानिंग के साथ आप सिर्फ 1000 रुपए के बजट में भी यह ट्रिप पूरी कर सकते हैं। दरअसल, आजकल युवा कम खर्च में ज्यादा घूमने का प्लान बनाते हैं और ऋषिकेश ऐसी जगह है जहां कम पैसे में भी भरपूर मजा लिया जा सकता है। अगर आप बस या जनरल ट्रेन से सफर करें, बजट हॉस्टल में रुकें और लोकल फूड का आनंद लें तो आपका खर्च काफी कम हो सकता है। आपको बता दें की यहां आप त्रिवेणी घाट की गंगा आरती, लक्ष्मण झूला, राम झूला और गंगा किनारे कैफे का आनंद बिना ज्यादा खर्च किए ले सकते हैं। अगर आप भी दोस्तों या सोलो ट्रिप का प्लान बना रहे हैं, तो यह बजट गाइड आपके बहुत काम आएगी। वहीं दिल्ली से ऋषिकेश की दूरी लगभग 240 किलोमीटर है। यहां पहुंचने के लिए बस सबसे सस्ता विकल्प माना जाता है। कश्मीरी गेट से उत्तराखंड रोडवेज और प्राइवेट बसें 300 से 500 रुपए तक में मिल जाती हैं। वहीं जनरल ट्रेन टिकट का खर्च इससे भी कम हो सकता है। वहीं ऋषिकेश में कई बजट हॉस्टल और धर्मशालाएं मौजूद हैं जहां 200 से 400 रुपए तक में रुक सकते हैं। अगर आप दोस्तों के साथ सफर कर रहे हैं तो डॉर्मिटरी का विकल्प सबसे सस्ता पड़ता है। कई हॉस्टल गंगा घाट के पास भी उपलब्ध हैं। ऋषिकेश में स्ट्रीट फूड और लोकल ढाबों पर बेहद सस्ता और स्वादिष्ट खाना मिलता है। यहां 50 से 100 रुपए में भरपेट खाना खाया जा सकता है। आलू पूरी, छोले भटूरे और मसाला चाय पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। अगर आपका बजट कम है तो ऋषिकेश में कई ऐसी जगहें हैं जहां घूमने के लिए टिकट नहीं लगता। त्रिवेणी घाट की गंगा आरती, राम झूला, लक्ष्मण झूला और गंगा किनारे शाम बिताना बिल्कुल मुफ्त है। यहां का शांत माहौल मन को सुकून देता है।
पैसे की चिंता छोड़ो! मात्र 1000 रुपये में दिल्ली से ऋषिकेश की यात्रा, जानें कैसे करें तैयारी
