नई दिल्ली। वट सावित्री व्रत हर सुहागिन महिला के लिए बेहद खास पर्व माना जाता है। इस दिन महिलाएं पारंपरिक साड़ी, श्रृंगार और पूजा के साथ खुद को सबसे सुंदर दिखाने की कोशिश करती हैं। लेकिन पार्लर जाने का समय हर किसी के पास नहीं होता। ऐसे में अगर आप भी घर बैठे चेहरे पर इंस्टेंट ग्लो पाना चाहती हैं, तो कुछ आसान घरेलू फेशियल टिप्स आपकी मदद कर सकते हैं। दरअसल, घर पर किया गया नेचुरल फेशियल न सिर्फ आपकी त्वचा को चमकदार बनाता है बल्कि स्किन को अंदर से हेल्दी भी रखता है। बेसन, दही, हल्दी, शहद और गुलाब जल जैसी चीजें त्वचा की गहराई से सफाई कर चेहरे पर प्राकृतिक निखार लाने में मदद करती हैं। सबसे अच्छी बात ये है कि इन घरेलू उपायों का कोई साइड इफेक्ट नहीं होता और कम खर्च में पार्लर जैसा ग्लो मिल सकता है। आपको बता दें की अगर आप वट सावित्री व्रत पर सबसे अलग और खूबसूरत दिखना चाहती हैं, तो आज ही घर पर ये आसान फेशियल जरूर ट्राई करें। कुछ ही मिनटों में आपका चेहरा चमक उठेगा।
वहीं फेशियल की शुरुआत चेहरे की सफाई से करें। इसके लिए कच्चे दूध में कॉटन डुबोकर चेहरे को अच्छी तरह साफ करें। इससे त्वचा पर जमा धूल, तेल और गंदगी निकल जाती है। डीप क्लीनिंग से स्किन फ्रेश और साफ दिखाई देती है। चेहरे की चमक बढ़ाने के लिए स्क्रबिंग बेहद जरूरी है। एक चम्मच बेसन में थोड़ा सा चावल का आटा और दही मिलाकर स्क्रब तैयार करें। हल्के हाथों से 2 से 3 मिनट तक मसाज करें। इससे डेड स्किन हटती है और त्वचा मुलायम बनती है। फेशियल में स्टीम लेना बहुत फायदेमंद माना जाता है। गर्म पानी की भाप लेने से चेहरे के पोर्स खुल जाते हैं और स्किन अंदर से साफ होती है। आप चाहें तो पानी में गुलाब की पंखुड़ियां या नींबू के छिलके भी डाल सकती हैं। इंस्टेंट ग्लो पाने के लिए दो चम्मच दही में चुटकीभर हल्दी और एक चम्मच शहद मिलाकर फेस पैक बनाएं। इसे 15 मिनट तक चेहरे पर लगाएं और फिर ठंडे पानी से धो लें। इससे चेहरा चमकदार और फ्रेश नजर आएगा। फेशियल करने के बाद चेहरे पर एलोवेरा जेल या गुलाब जल जरूर लगाएं। इससे त्वचा हाइड्रेट रहती है और ग्लो लंबे समय तक बना रहता है। साथ ही दिनभर पर्याप्त पानी पीना भी जरूरी है ताकि त्वचा अंदर से हेल्दी बनी रहे।
